आजमगढ़ में पुलिस की दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में मुठभेड़, अंतर्राज्यीय चोर व हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्र जहानागंज और फूलपुर में हुई मुठभेड़ों में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। पहली मुठभेड़ थाना जहानागंज क्षेत्र के गम्भीरवन इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पीजीआई चक्रपानपुर परिसर में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह का एक सदस्य क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी संजय भील उर्फ संजू (निवासी धार, मध्यप्रदेश) घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से देशी तमंचा, कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित करीब 6.5 लाख रुपये का माल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में चोरी की घटनाएं करने की बात कबूल की। दूसरी मुठभेड़ थाना फूलपुर क्षेत्र में भोरमऊ पुलिया के पास हुई। यहां पुलिस को जानलेवा फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी केसरी चौहान के बारे में सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान बाइक सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, केसरी चौहान पर हत्या, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 14 से अधिक गंभीर मुकदमे विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं।
दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थलों से साक्ष्य एकत्र कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *