


एसएसपी, सीडीओ समेत अधिकारियों ने सुनी जनता की समस्याएं, शेष मामलों के लिए संयुक्त टीम गठित
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तहसील लालगंज में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, उप-जिलाधिकारी लालगंज तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पाण्डेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान प्राप्त कुल प्रार्थना पत्रों में से 50 प्रतिशत से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्र मुख्य रूप से राजस्व विभाग से संबंधित पाए गए, जिनके त्वरित समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रतिबद्धता जताई गई।
