
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के कन्धरापुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने जीएसटी चोरी और संगठित आर्थिक अपराध से जुड़े मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, चार मोबाइल फोन तथा आधार और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।आपको बता दे की यह मामला 3 सितंबर 2025 का है, जब राज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त अविनाश चन्द्र राय द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास जनपद आजमगढ़ में दो वाहनों को जांच के लिए रोका गया था। जांच में पाया गया कि आयरन स्क्रैप के परिवहन के लिए बोगस फर्मों के नाम पर फर्जी इनवॉयस और ई-वे बिल का उपयोग किया जा रहा था, जिससे जीएसटी नियमों का उल्लंघन हुआ। मामले में सर्वश्री विद्या ट्रेडर्स (रायपुर), अविराज ट्रेडिंग (शिमला), मुनि जी ट्रांसपोर्ट कंपनी (पटना) समेत अन्य संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। इस संबंध में कन्धरापुर थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान तकनीकी जांच और सीडीआर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने बुधवार को विजय कुमार यादव निवासी श्रावस्ती तथा अविराज शर्मा निवासी लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि अविराज ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों से फर्म का पंजीकरण कराया गया था और उसी के माध्यम से माल की खरीद दर्शाकर राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।पुलिस के अनुसार जांच में विजय कुमार यादव का घटना के समय अन्य संदिग्ध लोगों से लगातार संपर्क भी सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
