आजमगढ़ तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया क्षेत्र के एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार रात बाइक से घर लौट रहे युवक को मंदुरी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।जानकारी के अनुसार नगर पंचायत निवासी गुड्डू सोनी (35) पुत्र अशर्फी सोनी मंगलवार रात करीब 9:30 बजे मोटरसाइकिल से आजमगढ़ से दुकान का सामान लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मंदुरी के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के भाई संतराम सोनी ने कंधरापुर थाना में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि गुड्डू सोनी अतरौलिया बाजार में श्रृंगार की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वह अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्र यश और 5 वर्षीय पुत्री तनु को छोड़ गए हैं। पत्नी अर्चना और बच्चों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। घटना से नगर पंचायत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *