आजमगढ़ में एडीजी ने किया वार्षिक निरीक्षण, ‘शौर्य सभागार’ का किया उद्घाटन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में बुधवार को पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन ने पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और थाना नगर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में नव-निर्मित ‘शौर्य सभागार’ का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में सुनील कुमार सिंह, पुलिस उप-महानिरीक्षक तथा डॉ. अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण

एडीजी ने सबसे पहले पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड की सलामी ली। उन्होंने जवानों के अनुशासन, टर्नआउट, शस्त्र संचालन, मार्च-पास्ट की एकरूपता, कमांड व्यवस्था और प्रशिक्षण गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सराहना करते हुए बल को नियमित प्रशिक्षण और उच्च अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

‘शौर्य सभागार’ का उद्घाटन

निरीक्षण के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन में बने आधुनिक ‘शौर्य सभागार’ का उद्घाटन किया। इस सभागार में लगभग 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और इसे विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा पुलिस कर्मियों के संवाद व प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

पुलिस लाइन की शाखाओं का किया निरीक्षण

एडीजी ने निर्माणाधीन भवन, आरटीसी बैरक, पुलिस स्टोर, मेस, सैलून, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, डायल-112 कार्यालय, डीसीआर, एमटी शाखा, कम्प्यूटर लैब और “नन्हे सितारे” कॉरिडोर सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

अपराध गोष्ठी में दिए अहम निर्देश

निरीक्षण के बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई, साइबर अपराध रोकथाम, संगठित अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने पर जोर दिया गया।

जनसुनवाई में सुनी गईं शिकायतें

एडीजी, डीआईजी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय और नगर कोतवाली का निरीक्षण

इसके बाद पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं जैसे पत्र व्यवहार, आंकिक शाखा, डीसीआरबी, एलआईयू, महिला प्रकोष्ठ और विशेष जांच प्रकोष्ठ का निरीक्षण किया गया।तत्पश्चात थाना नगर कोतवाली में मालखाना, बैरक, मेस, मिशन शक्ति कार्यालय और अभिलेखों की जांच कर माल की सुरक्षित प्रविष्टि और महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पुलिस कार्यों की सराहना

निरीक्षण के समापन पर एडीजी ने जनपद पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनविश्वास को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *