फूलपुर में गरजा बुलडोजर: 115 दुकानदारों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो जेसीबी से हटाया अतिक्रमण

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के फूलपुर में लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के चौड़ीकरण अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसडीएम अशोक कुमार और सीओ किरन पाल सिंह के नेतृत्व में दो जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान चार थानों की पुलिस तैनात रही।प्रशासन के अनुसार सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले ही 115 दुकानदारों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण न हटाए जाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।अभियान शुरू होने से पहले कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया, जबकि शेष अवैध निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। सड़क किनारे बने चबूतरे, शेड और अन्य अस्थायी निर्माण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए।एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य को हर हाल में पूरा कराया जाएगा।अभियान के दौरान लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए फूलपुर, पवई, सरायमीर और दीदारगंज थानों की पुलिस बल तैनात रही।प्रशासन का कहना है कि माहुल तिराहा और ऊदपुर रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में वर्षों से अतिक्रमण के कारण सड़क निर्माण प्रभावित हो रहा था और जाम की समस्या बनी रहती थी। कई बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *