

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मंडलीय जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कथित कालाबाजारी और ब्लड डाइल्यूट (पतला) करने की शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा और एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने संयुक्त रूप से ब्लड बैंक में छापेमारी कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान ब्लड बैंक के स्टॉक, रिकॉर्ड, रक्त भंडारण व्यवस्था और वितरण प्रणाली की गहन जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों का मिलान किया और कर्मचारियों से पूछताछ भी की। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी को गोपनीय शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ यूनिट रक्त को डाइल्यूट कर उसकी गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है और अवैध लेन-देन भी हो रहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। यह टीम ब्लड बैंक से जुड़े सभी रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं की बारीकी से जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और जब तक डाइल्यूट की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक कुछ कहना उचित नहीं होगा। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि ब्लड को डाइल्यूट करना पूरी तरह गैरकानूनी और खतरनाक प्रक्रिया है, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इससे पहले भी इस ब्लड बैंक को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं, ऐसे में एक बार फिर मामला चर्चा में है।
