

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता आजमगढ़ तहबरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों दिलशाद और सोनू अली उर्फ असगर को गिरफ्तार किया। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। मौके से दो .315 बोर तमंचे, दो खोखा, तीन जिंदा कारतूस और ₹15,250 नकद बरामद हुए।पूछताछ में गिरोह द्वारा SUV से रेकी कर रात में छत या घर के पीछे के रास्ते से घुसकर मशीन से ताले काटकर चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर अलीगढ़, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। इससे पहले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरोह के दो अन्य आरोपी आफताब और नेसार अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार सात चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
