आजमगढ़ में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा थाना निजामाबाद में तैनात आरक्षी वैभव पटेल शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक थाना निजामाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 123 व 351(2) बीएनएस से संबंधित मामले में शिकायत के निस्तारण और अभियुक्त के संबंध में आवश्यक पुलिस कार्रवाई एवं सत्यापन में लापरवाही सामने आई। अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसके संबंध में आवश्यक सत्यापन कर सूचना यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना था, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया का समय से पालन नहीं किया गया।बताया गया कि जमानत पर बाहर आने के बाद अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी देने तथा फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो वायरल करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई। मामले की समीक्षा के दौरान अभियुक्त के संबंध में आवश्यक सूचना और सत्यापन की कार्रवाई समय से नहीं किए जाने की बात सामने आई।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की भूमिका की समीक्षा की। प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता और अकर्मण्यता पाए जाने पर चारों को निलंबित कर दिया गया।एसएसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद निगरानी तथा संबंधित अभिलेख और ऐप पर आवश्यक सूचनाओं की समयबद्ध फीडिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही या अनुशासनहीनता मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *