

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक फोटो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में दीदारगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वांछित अभियुक्त पिन्टू मौर्या को उसके गांव भादो स्थित घर के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त पिन्टू मौर्या (27) पुत्र हरिश्चन्द्र मौर्या, ग्राम भादो, थाना दीदारगंज का निवासी है। उसके खिलाफ थाना दीदारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 196 और 299 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के निर्देशन में थाना दीदारगंज पुलिस ने 12 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल विकास यादव शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।आजमगढ़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि AI तकनीक के माध्यम से किसी व्यक्ति की आपत्तिजनक, भ्रामक या छवि खराब करने वाली फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना दंडनीय अपराध हो सकता है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने और ऐसी सामग्री न बनाने व न साझा करने की अपील की है।
