अतरौलिया के वासेपुर डढ़वा में सपा की पीडीए पंचायत आयोजित; ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने सरकार पर साधा तीखा निशाना

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम वासेपुर डढ़वा में समाजवादी पार्टी द्वारा ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत’ का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक के दौरान सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई, आरक्षण पर कथित कुठाराघात, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और पंचायत चुनाव जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लोकतंत्र पर डाका डालने और आम जनता की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान पर से विश्वास उठ चुका है। आजादी की लड़ाई के बाद नागरिकों को मिला सबसे बड़ा अधिकार ‘वोट की ताकत’ थी, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों पर चोट की जा रही है।चंद्रशेखर यादव ने कहा कि विशिष्ट बीटीसी जैसी तमाम भर्तियों में आरक्षण के नियमों की अनदेखी कर युवाओं के भविष्य को चौपट किया गया है। सरकार नौकरियां देना नहीं चाहती और बेतहाशा महंगाई बढ़ाकर आमजन को कंगाल बना रही है। उन्होंने मान्यवर कांशीराम के सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन को याद करते हुए कहा कि शोषितों और वंचितों के स्वाभिमान को कुचलने की साजिशें चल रही हैं, जिसे पीडीए समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।हाईकोर्ट द्वारा पंचायत चुनाव को लेकर दिए गए आदेश का जिक्र करते हुए सपा नेता ने न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने की मंशा में नहीं थी। जब पिछड़ा वर्ग आयोग का कार्यकाल समाप्त हो रहा था, तब खानापूरी के लिए कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव ने पंचायतों में दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों को जो आरक्षण और नेतृत्व का अधिकार दिया था, वर्चस्ववादी ताकतें उसे पचा नहीं पा रही हैं। न्यायपालिका ने सरकार की इन मंशाओं पर कड़ा तमाचा जड़ा है।गांवों में परिषदीय विद्यालयों के बंद होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी ने गांव-गांव प्रदर्शन किया था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 2027 में प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की सरकार बनेगी। पीडीए की सरकार बनते ही बंद किए गए सभी स्कूलों को पुनः खोला जाएगा और भारी संख्या में शिक्षकों की पारदर्शी भर्ती कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र में बेहतर सड़कें, उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं और बुजुर्गों व माताओं के सम्मानजनक जीवन की गारंटी दी जाएगी।इस अवसर पर स्थानीय सपा कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *