आजमगढ़ में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई, युवती और 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती और 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और एक दुपट्टा बरामद किया है। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोचिंग पढ़ाने की बात कहकर घर से निकला था दीपक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी चंद्रभान राम ने 16 अक्टूबर 2026 को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार 15 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे कोचिंग पढ़ाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे दीपक ने फोन कर बताया कि वह उस दिन घर नहीं आएगा और अगले दिन सुबह वापस लौटेगा। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि दीपक का शव एक युवती के घर पर पड़ा है।

इस मामले में मृतक के पिता ने युवती और मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ निवासी सुमित पुत्र जयप्रकाश पर हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

पवनी कला क्षेत्र से दोनों की गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अभिराज सरोज के नेतृत्व में मेंहनगर पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर को पवनी कला क्षेत्र से युवती और सुमित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का समय करीब सुबह 11:40 बजे बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और एक दुपट्टा बरामद किया है। मामले में धारा 108/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *