होली पर फायरिंग कर जानलेवा हमले के मामले में जेल जा चुका आरोपी फिर गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त अजय कुमार राव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:45 बजे बिलरिया की चुंगी से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।होली के दौरान फायरिंग का लगा था आरोपपुलिस के अनुसार, 4 मार्च 2026 को हीरापट्टी गांव निवासी सवि कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के अजय कुमार राव और उसके साथियों ने उनके घर के सामने गाली-गलौज की थी। विरोध करने पर आरोप है कि अजय कुमार राव ने गनर शशिकांत राय की बंदूक लेकर गौतम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस मामले में थाना कोतवाली में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उस समय भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमापुलिस के मुताबिक, जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा अनुमोदित गैंगचार्ट के आधार पर 17 अक्टूबर 2026 को अजय कुमार राव के खिलाफ थाना कोतवाली में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।11 मुकदमों का आपराधिक इतिहासगिरफ्तार अभियुक्त अजय कुमार राव पुत्र बाबूराम, निवासी हीरापट्टी, थाना कोतवाली, आजमगढ़, उम्र करीब 40 वर्ष है। पुलिस द्वारा जारी आपराधिक विवरण के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2010 से 2026 तक कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारीगिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति, कांस्टेबल सुमित कुमार, राहुल कुमार यादव, जयशंकर और महिला कांस्टेबल लक्ष्मी यादव शामिल रहीं।आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *