गंभीरपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर की चपेट में आया 13 वर्षीय बालक, मौके पर मौत

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुडहर गांव में सोमवार सुबह खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। गांव के ही ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जुताई कराने जा रहा बालक अचानक नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान साकिब उर्फ प्रधान पुत्र अमर उर्फ अमीर, निवासी मुडहर गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे साकिब गांव के ही ट्रैक्टर चालक के साथ खेत की जुताई के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने ट्रैक्टर बदले जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के मुताबिक, साकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी तीन बहनें भी हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। मृतक के पिता दिव्यांग हैं और उसका एक भाई भी दिव्यांग है।ग्रामीणों के अनुसार, साकिब परिवार के खर्च में सहयोग करता था। महज 13 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत के बाद मां आशिया समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिवार ने अपना चिराग खो दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *