



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के बौढ़िया गांव में विवादित भूमि पर नींव की खुदाई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडे, टांगी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के बौढ़िया गांव निवासी रामनरायन पुत्र रामनरेश ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महराजगंज को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के खरभान पुत्र रामचंदर, गिरिजेश पुत्र रम्मन, जनार्दन पुत्र रम्मन, इन्द्रेश पुत्र खरभान तथा रामधनी पुत्र रामदास के साथ उनका भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि 10 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे सभी आरोपी जेसीबी मशीन लेकर विवादित भूमि पर पहुंच गए और जबरन नींव की खुदाई शुरू कर दी। रामनरायन ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर गिरिजेश और रामधनी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, जान बचाकर भागने के प्रयास के दौरान जनार्दन ने टांगी से उनके सिर पर वार कर दिया, जबकि इन्द्रेश ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक दांत भी टूट गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे रवीन्द्र, शनिचरा और उर्मिला को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। रामनरायन ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के बौढ़िया गांव में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए महाराजगंज थाना के एसएचओ को तुरंत जांच के आदेश दिए गए।जांच के आधार पर इस मामले में 5 व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
