

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि खेत की खुदाई का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडों से मारपीट हुई। इस घटना में दिव्यांशु यादव के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी मां कौशल्या देवी भी घायल हो गईं। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि 17 अक्टूबर को खेत की जुताई के दौरान जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
