


दमकल और पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश, कई किसानों को हुआ भारी नुकसान
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद अतरौलिया थाना क्षेत्र में लोहरा व तेजापुर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। पछुआ हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और भरसानी गांव की ओर बढ़ने लगी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान जब आग गांव के करीब पहुंचने लगी, तो स्थानीय ट्रैक्टर चालक सोनू और नागेंद्र यादव ने साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर से जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया। उनकी इस बहादुरी से गांव को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल और पुलिस की गाड़ियां समय से नहीं पहुंचीं। डायल 112 की पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन आग के करीब जाने से हिचकती रही। बाद में जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कई किसानों की फसल और भूसा जलकर नष्ट हो चुका था। स्थानीय किसान ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनका करीब 5 बीघा गेहूं, जो खेत में कटा हुआ पड़ा था, पूरी तरह जल गया, जिससे उन्हें लगभग 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इससे उनके घर में खाने और पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है। इसके अलावा नरेंद्र यादव (ढाई बीघा), सुरेंद्र यादव (ढाई बीघा), सतीश पाठक (डेढ़ बीघा), सोनी यादव (डेढ़ बीघा) समेत करीब दो दर्जन किसानों के खेतों में पड़ा फसल अवशेष (भूसा) भी आग की चपेट में आ गया। मौके पर लेखपाल सुनील मिश्र और हरिनाथ मौर्य पहुंचकर ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया। आग बुझने के बाद दमकल और पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन खेतों तक नहीं जा सकीं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी रही।
