



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ अतरौलिया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अतरौलिया की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। Sanjay Nishad ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी की मजबूत दावेदारी पेश करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अतरौलिया सीट से निषाद पार्टी ही चुनाव लड़ेगी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह यहां से उम्मीदवार होंगे।डॉ. संजय निषाद बीती रात क्षेत्र के पचरी भगतपुर गांव में आयोजित प्रशांत सिंह के जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। देर रात तक चले आयोजन में क्षेत्रीय नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट पर सबसे पहला अधिकार निषाद पार्टी का है। उन्होंने कहा, “जब तक देश के गृहमंत्री Amit Shah की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक अतरौलिया सीट निषाद पार्टी की है और रहेगी।”उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में निषाद समाज की संख्या अधिक है और पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया।प्रशांत सिंह को पार्टी का मजबूत चेहरा बताते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि वे लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं और उन्हें क्षेत्र का व्यापक समर्थन मिल रहा है।इस दौरान उन्होंने Om Prakash Rajbhar के हालिया बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन राजनीति में सहयोगी दलों के बीच सम्मान और समन्वय जरूरी है। राजभर और निषाद समाज एक-दूसरे के सहयोग से ही राजनीतिक रूप से मजबूत हो सकते हैं।सीट बंटवारे को लेकर भाजपा नेतृत्व को सुझाव देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जहां-जहां चुनाव हारी है, वे सीटें निषाद पार्टी को दे दी जाएं। निषाद पार्टी उन सीटों पर गठबंधन को जीत दिलाने का काम करेगी।उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं और मौका मिलने पर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़कर जीत दर्ज करेगी।आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा। डॉ. निषाद ने आरोप लगाया कि इन दलों की सरकारों ने निषाद समाज को उनके अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकार और आरक्षण की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा।कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजय निषाद ने प्रशांत सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। वहीं कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का भरोसा दिलाया।
