

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और पुलिस परिवार के बच्चों व अन्य प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती हुई। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के साथ ही ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।
