आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, सर्वोदय पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को सिखाए गए यातायात के नियम

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। यातायात माह नवंबर के तहत यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को हरवंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात किरन पाल सिंह एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्का हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने, सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।कार्यक्रम के अंत में निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल एवं यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए तथा सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *