आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, STF ने दो को दबोचा

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश STF लखनऊ की टीम ने जनपद में फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शशि प्रकाश राय उर्फ राजन शर्मा उर्फ शनि और मनीष कुमार राय के रूप में हुई है। STF द्वारा 25 मार्च 2026 को शाम करीब 4:40 बजे थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम सुहौली में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 207 फर्जी मार्कशीट, सर्टिफिकेट, रजिस्ट्रेशन और माइग्रेशन प्रमाणपत्र, 42 नकली मोहर, पांच सीपीयू, दो पेन ड्राइव, दस रजिस्टर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना शशि प्रकाश राय दिल्ली से इस पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और इससे पहले आगरा व जौनपुर में भी इसी तरह का अवैध कार्य कर चुका है। वर्ष 2022 में जौनपुर में उसने एक कॉल सेंटर स्थापित किया था, जहां सोशल मीडिया के जरिए फर्जी दस्तावेज बनवाने की जानकारी दी जाती थी। गिरोह के सदस्य मनीष कुमार राय, शशि प्रकाश द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के आधार पर नकली दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद फर्जी वेबसाइट बनाकर उन पर रिजल्ट अपलोड कर दिए जाते थे, जिससे लोग रोल नंबर डालकर अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकें और दस्तावेज पूरी तरह असली प्रतीत हों। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक दस्तावेज के लिए 5 हजार से 20 हजार रुपये तक वसूलते थे और अब तक करीब 6 से 7 हजार से अधिक फर्जी दस्तावेज तैयार कर चुके हैं। इस मामले में साइबर थाना प्रयागराज में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *