


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता आजमगढ़। के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ठेले के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर फल बेचने वालों ने एक युवक और उसके पूरे परिवार के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।बताया जा रहा है कि युवक अपनी गाड़ी लेकर नरौली पहुंचा था और सड़क किनारे खड़े एक ठेले के सामने वाहन खड़ा कर दिया। इसी बात को लेकर ठेला लगाने वाले लोग भड़क गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ठेले वालों ने गाड़ी में बैठे युवक, महिलाओं और अन्य परिजनों को बाहर निकालकर लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से जमकर पीटा।घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने सिधारी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। वही इस पूरे मामले में जहानागंज निवास पीड़िता चंदा ने बताया हम लोग गाड़ी में बैठे थे और चाय पी रहे थे तभी ठेले वाले ने हम लोगों को बद्दी बद्दी गाली देने लगा हम लोगों ने मना किया तो, ठेले वाले आए और बिना कुछ सुने मारपीट शुरू कर दी महिलाओं तक को नहीं छोड़ा गया। वही पीड़ित मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सिर्फ गाड़ी खड़ी करने को लेकर इतना बड़ा हमला कर दिया गया, पूरा परिवार दहशत में है।आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वही इस पूरे मामले में सीओ सिटी का कहना है कि सिधारी स्थित राहगीर वह फल वालों के बीच मारपीट का एक वीडियो सामने आया है जिसको संज्ञान में लेते हुए मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधि कार्रवाई की जा रही है।
