

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ रील बनाकर रौब जमाना दो युवकों को भारी पड़ गया। आजमगढ़ की बिलरियागंज पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों ने अवैध असलहों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर प्रसारित की थी। इस तरह असलहों का प्रदर्शन कर लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा था।पुलिस ने पहली कार्रवाई में ग्राम इमलीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास से विकास यादव पुत्र संतराज यादव निवासी ग्राम कुर्थीपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में मु0अ0सं0 261/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।वहीं दूसरी कार्रवाई में गोरिया नहर पुलिया के पास से विकास यादव पुत्र विरेन्द्र यादव निवासी वार्ड नंबर 11 शिवनगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में मु0अ0सं0 262/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बिलरियागंज पुलिस टीम ने की।
