


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल एवं संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
