


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। एक माह के पवित्र रमजान के समापन के बाद जनपद आजमगढ़ में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर में करीब 636 ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर जाकर सेवइयों का आनंद लिया।शहर के बदरका ईदगाह पर भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे और सभी को ईद की बधाई दी।बदरका ईदगाह पर सांसद धर्मेंद्र यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली और सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों से गले मिलकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।ईद के मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले में करीब 1200 सिविल पुलिस बल, 3 कंपनी पीएसी, 24 क्यूआरटी टीमें, एलआईयू, 600 होमगार्ड, 350 पीआरडी और डायल 112 की टीमें तैनात रहीं। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार निगरानी में जुटे रहे, जिससे पूरे जिले में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।जनपद में कुल 358 ईदगाह और 278 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समय पर नमाज पढ़ी गई, जहां लोग नए कपड़े पहनकर पहुंचे और अमन-चैन की दुआ मांगी।ईद के इस मुबारक मौके पर जहां एक ओर खुशियों का माहौल रहा, वहीं कुछ लोगों ने अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर चिंता भी जताई। इसके बावजूद पूरे जिले में भाईचारे और सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
