कलेक्ट्रेट आजमगढ़ का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, वरासत मामलों में लापरवाही पर चेतावनी के निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट आजमगढ़ के विभिन्न पटलों का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित वरासत प्रकरणों और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

अभिलेखागार में सुधार के निर्देश

अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुराने बस्तों को बदलकर नए बस्ते लगाने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पटल सहायकों को दिए।

वरासत प्रकरणों में लापरवाही पर सख्ती

शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरासत रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने शस्त्र लिपिक को निर्देश दिया कि जिन मामलों में रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें लिखित रिमाइंडर भेजा जाए और संबंधित पक्षों को फोन के माध्यम से भी सूचित किया जाए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ वरासत प्रकरणों में पुलिस और तहसील से आख्या प्राप्त होने के बावजूद पत्रावली लंबित पड़ी है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी को संबंधित शस्त्र लिपिक के विरुद्ध चेतावनी निर्गत करने का निर्देश दिया। साथ ही पत्रावलियों के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मास्टर रजिस्टर बनाने का निर्देश

नजारत शाखा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यालय में एक मास्टर रजिस्टर तथा उसका उप-रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पत्रावलियों की खोज और निगरानी में आसानी हो सके।

साफ-सफाई पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और नाजिर को परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *