

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम बातन में पुरानी रंजिश को लेकर फावड़े से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र सिंह (56) और अनिल सिंह (51) पुत्र स्वर्गीय रामअवध सिंह निवासी ग्राम बातन के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, बीते 9 नवंबर को प्रदीप कुमार सिंह ने रौनापार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर उनके चचेरे भाई अवनीश सिंह पर जान से मारने की नीयत से फावड़े से हमला कर दिया। हमले में अवनीश का सिर फट गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोपियों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 319/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत 11 नवंबर को थानाध्यक्ष रौनापार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुमित सिंह की टीम ने दोनों वांछित अभियुक्तों को उनके घर के सामने स्थित खलिहान से सुबह करीब 10:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमित सिंह, कांस्टेबल जयप्रकाश वर्मा और कांस्टेबल अर्जुन कुशवाहा शामिल रहे।
