

मऊ से घर छोड़कर आजमगढ़ पहुंचे प्रेमी युगल ने की शादी, युवती का आरोप- बालिग होने और हाईकोर्ट से प्रोटेक्शन ऑर्डर मिलने के बावजूद मऊ पुलिस बना रही दबाव
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मऊ जनपद से घर छोड़कर आजमगढ़ पहुंचे प्रेमी युगल ने कोर्ट मैरिज कर ली, लेकिन शादी के बाद भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। युवती के परिजनों की ओर से युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने का मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद अब दोनों अपनी सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। प्रेमी युगल ने मऊ पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती रितु राजभर के मुताबिक, वह बालिग है और अपनी मर्जी से पवन राजभर के साथ घर से निकली थी। दो नवंबर को घर छोड़ने के बाद दोनों ने चार नवंबर को आजमगढ़ में कोर्ट मैरिज कर ली। रितु का दावा है कि अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट से प्रोटेक्शन ऑर्डर भी प्राप्त कर लिया है। इसके बावजूद उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है।रितु ने बताया कि वह कई बार अपने परिजनों के सामने पवन से शादी करने की इच्छा जाहिर कर चुकी थी, लेकिन परिवार के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। पवन का ननिहाल उसके गांव में है, जिसके चलते उसका वहां आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध हो गया। युवती के अनुसार, पवन के परिवार वाले इस शादी के लिए राजी थे, लेकिन उसके अपने परिजन विरोध कर रहे थे। युवती का आरोप है कि परिजनों की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के बाद मऊ पुलिस युवक के परिजनों को बैठाकर पवन को वापस बुलाने का दबाव बना रही है। इससे दोनों भयभीत हैं और आजमगढ़ में सुरक्षित ठिकाने की तलाश में भटक रहे हैं। प्रेमी युगल ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार शांतिपूर्वक वैवाहिक जीवन जीने दिया जाए। रितु का कहना है कि जब वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी कर चुकी है, तो उसे अपने पति के साथ रहने की स्वतंत्रता मिलनी चाइए।
