

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बखरिया के चकिया गांव में नाली का पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि गांव के रामलाल शर्मा ने पशुओं को रखने के लिए बरदौर बना रखा है। आरोप है कि बरदौर का गंदा पानी वीरेंद्र पांडेय की जमीन की ओर बहाया जा रहा था। इसी बात को लेकर तीन दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस समय ग्राम प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर वीरेंद्र पांडेय के बेटे हरिओम पांडेय (30) और रामलाल शर्मा के बीच फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि मौके पर पहुंचे प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के साथ मिलकर हरिओम का गला दबा दिया। इससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस पूरे मामले में सीओ फूलपुर ne बताया की थाना पवई क्षेत्र के अंतर्गत दो पड़ोसियों के बीच पानी निकालने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई। मारपीट में चोट लगने के कारण एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर थाना प्रभारी पवई पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
