

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, अतरौलिया। थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में गुरुवार शाम पेड़ से रस्सी के सहारे लटके मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के घिनहापुर उर्फ घिनहापोखरा निवासी 28 वर्षीय अंकित यादव पुत्र स्व. इंद्रभान यादव के रूप में हुई है। अंकित पिछले करीब एक सप्ताह से लापता थे और परिजनों के अनुसार मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।बताया गया कि अंकित अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी दयानंद यादव की बुआ के लड़के थे और बचपन से ही उनके घर पर रहते थे। परिजनों के मुताबिक, अंकित पिछले 15-16 वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज गोरखपुर से चल रहा था। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे और कुछ दिनों बाद वापस लौट आते थे। वर्ष 2024 में भी उनके लापता होने पर राजेसुल्तानपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।करीब एक सप्ताह पहले अंकित फिर अचानक घर से लापता हो गए। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को भगतपुर गांव में पेड़ से लटके अज्ञात युवक के शव की जानकारी मिली। परिजन अतरौलिया थाने पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो, कपड़े और चप्पल के साथ मौके से मिले मोबाइल नंबर का मिलान करने के बाद शव की पहचान अंकित के रूप में की गई। इसके बाद आजमगढ़ स्थित मर्चरी हाउस पहुंचकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की।अंकित की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी मां गिरिजा देवी और भाई अमित यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता की भी पहले ही मौत हो चुकी है।पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
