50 हजार का इनामिया गैंगस्टर गिरफ्तार, STF और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के सक्रिय सदस्य एवं गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार के इनामिया अभियुक्त को गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार तड़के बिन्द्रा बाजार स्थित आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे से दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली निवासी ग्राम मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा 21 मई 2026 को ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मामले की शुरुआत 22 अगस्त 2024 को हुई थी, जब थाना निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम सोढरी निवासी रामअचल राय ने घर में चोरी की तहरीर दी थी। आरोप था कि अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और ₹50 हजार नकद चोरी कर ले गए। इसके बाद फरिहा निवासी अरशद जमाल के घर में भी चोरी की घटना सामने आई, जहां से आभूषण और ₹48 हजार नकद चोरी हुए। वहीं प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर के रसोईघर से गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य सामान चोरी होने का मामला भी दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह संगठित रूप से आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार तड़के करीब 1:05 बजे बिन्द्रा बाजार से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक रेडमी मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और ₹310 नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट समेत चोरी के कई मुकदमे थाना निजामाबाद में दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *