लालगंज प्रसूता मृत्यु प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सुमन हॉस्पिटल सील

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।जांच के दौरान पता चला कि अस्पताल में उपचार के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई थी, जबकि नवजात शिशु की हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन और हंगामा भी किया था।निरीक्षण में अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ और मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरणों की गंभीर कमी पाई गई। कई जरूरी दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। जांच टीम ने अस्पताल को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाया।डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी बेहद गंभीर मामला है। प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और संबंधित मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना मानक और नियमों के संचालित निजी अस्पतालों, अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप गतिविधियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है। मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में थाना लालगंज को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *