

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के जरिए झुंड में घूमने वाले दो युवकों को चिन्हित कर थाना परिसर में बुलाया और उनकी काउंसलिंग की।पुलिस के मुताबिक, संदीप यादव निवासी अरया और रमाकान्त यादव निवासी अरया को सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर चिन्हित किया गया। दोनों युवकों को कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के दुष्परिणामों के बारे में समझाया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी सख्त हिदायत दी गई।पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान की कार्रवाई की और उनकी दो मोटरसाइकिलें सीज कर दीं। पुलिस ने युवाओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने तथा दबंगई, गैंग संस्कृति या भय का माहौल पैदा करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है।पुलिस की साइबर टीम ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
