आजमगढ़ परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों और यू-ट्यूबर्स के प्रवेश पर रोक, अनुमति के बिना फोटो-वीडियोग्राफी भी प्रतिबंधित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों, यू-ट्यूबर्स और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। बिना अनुमति विद्यालय में प्रवेश कर फोटो या वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर एवं अनधिकृत रूप से सोशल मीडिया से जुड़े लोग परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर विद्यालय और स्टाफ के फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। इससे विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित होने के साथ शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचती है और विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन-प्रशासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए पहले से ही अधिकारी नामित हैं, जो समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण करते हैं। ऐसे में विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था सुचारू रखने और शिक्षक पद की गरिमा बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। अब कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना परिषदीय विद्यालय में प्रवेश कर फोटो अथवा वीडियोग्राफी नहीं कर सकेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और सभी प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *