

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना रौनापार क्षेत्र के ग्राम रौनापार में 05 जनवरी 2026 को हुई कलामुद्दीन की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि बर्बरता पूर्ण अत्याचार व उत्पीड़न के चलते कलामुद्दीन की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना के संबंध में समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। आपको बता दे की सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों पर लगातार अत्याचार, अन्याय और दमन हो रहा है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है तथा उनके ऊपर गुंडा एक्ट और गैंगस्टर जैसी कार्रवाई कर उन्हें भयभीत किया जा रहा है, ताकि वे आगामी चुनावों में भाग न ले सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक एच.एन. सिंह पटेल, एमएलसी शाह आलम के प्रतिनिधि अब्दुल्ला, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव एवं मृतक कलामुद्दीन के पुत्र आसिफ शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
