

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आपको बता दे की यह घटना 5 जनवरी 2026 की है, जब पीड़ित सोनू राजभर नें थाने में तहरीर देकर बताया कि क्रिकेट मैच में हार-जीत को लेकर दोनों टीमों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। इसी प्रकरण में रिशु चौहान ने समझौते के बहाने मुहम्मदाबाद बुलाया, जहां उसके साथियों ने वादी व उसके मित्रों के साथ मारपीट की और असलहे से हवाई फायरिंग करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 11/2026 धारा 3(5)/109(1)/115(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आकाश चौहान, राहुल चौहान, अभिषेक चौहान सहित अन्य अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 जनवरी 2026 को उपनिरीक्षक नीरज कुमार शुक्ल व सतीश कुमार की टीम ने वांछित अभियुक्तों को हरैया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद चालान कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
