

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी गैंग सरगना अभिनव सिंह उर्फ मंटू को सिधारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंगेस्टर एक्ट में वांछित था और उसके खिलाफ जमीन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी समेत कई मामले दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भंवरनाथ रोड, बैठौली के पास से 26 सितंबर की रात करीब 00:50 बजे अभिनव सिंह उर्फ मंटू को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी सह-अभियुक्ता ऋतिका सिंह के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाया था। गिरोह पर आरोप है कि जमीन बेचने के नाम पर लोगों को फर्जी खतौनी दिखाकर रुपये लिए जाते थे। जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने पर रुपये वापस मांगने पर फर्जी चेक देने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक थाना सिधारी में दर्ज एक मुकदमे में ₹50 लाख, थाना कोतवाली में दर्ज मामले में ₹25 लाख और सिधारी थाने के एक अन्य मामले में ₹35 लाख जमीन दिलाने के नाम पर लिए जाने की बात सामने आई है। इन मामलों के आधार पर गैंगचार्ट अनुमोदित होने के बाद 25 सितंबर 2026 को थाना सिधारी में गैंगेस्टर एक्ट की धारा 2(ख)(1)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।गिरफ्तार आरोपी अभिनव सिंह उर्फ मंटू, उम्र 41 वर्ष, तिवारीपुर थाना सिधारी का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ सिधारी और कोतवाली थाने में धोखाधड़ी, विश्वासघात, धमकी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।
