आजमगढ़: पाकिस्तानी गैंगस्टर्स और आईएसआई से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, महिला नेता की हत्या की थी साजिश

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एटीएस ने आजमगढ़ के निजामाबाद क्षेत्र से मोहम्मद शेख नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9 एमएम पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान और दुबई स्थित नंबरों के माध्यम से व्हाट्सएप व सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी तथा उसके सहयोगियों के संपर्क में था। जांच में सामने आया है कि वह जिहादी विचारधारा का प्रचार कर रहा था और अन्य युवाओं को भी आतंकी नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। एटीएस के मुताबिक, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और गैंगस्टर नेटवर्क भारतीय युवाओं को धन और कट्टरपंथी विचारों के जरिए स्लीपर सेल के रूप में तैयार कर देश में बड़ी आतंकी घटनाओं की साजिश रच रहे हैं। आरोपी को ट्रायल मिशन के तहत एक अन्य राज्य की महिला राजनीतिक नेता को धमकाने और उसकी हत्या करने का टास्क दिया गया था। इसके लिए उसने अवैध हथियार का भी इंतजाम कर लिया था। खुफिया सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने मोहम्मद शेख को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एटीएस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जल्द रिमांड पर लेकर आईएसआई हैंडलर्स, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उसके संपर्कों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आतंकी नेटवर्क पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक युवाओं को जोड़ने की कोशिश कर रहा था तथा कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तियों और संस्थानों की रेकी भी कराई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *