

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज परिसर में लगे पटाखा बाजार में पटाखे खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को डीएवी कॉलेज के पास सिविल लाइन क्षेत्र से हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में प्रथम पक्ष के रितेश सोनकर उर्फ अंगद सोनकर और प्रदीप सोनकर शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष के महेंद्र गुप्ता, सोनू दास और इशान को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने बताया कि प्रथम पक्ष की ओर से दर्ज मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।मामले में हिरासत में लिए गए रितेश सोनकर उर्फ अंगद सोनकर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2022 में कोतवाली थाने में मारपीट, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
