

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ स्थित माँ जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज में 14 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इसी मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को 8 नवंबर को गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार मामले में नामजद दोनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को थाना सिधारी में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार फीस एवं अन्य बातों को लेकर आए दिन 14 वर्षीय छात्रा को अपमानित करते थे। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी क्रम में मंगलवार, 10 नवंबर को उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य अखिलेश यादव (29) पुत्र रामनवल यादव निवासी निबी बुजुर्ग, थाना मुबारकपुर को सुबह करीब 10:55 बजे हिरासत में लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।गौरतलब है कि इस मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार (39) को 8 नवंबर को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, अब दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
