पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी हिरासत में

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को रौनापार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को दोनों पक्षों के लोगों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।मामले में उपनिरीक्षक अनुराग कुमार पाण्डेय की तहरीर पर रौनापार थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 नवंबर को रौनापार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कैची बंधा के पास से दोपहर करीब 1:45 बजे धनन्जय यादव (33) पुत्र रामनगीना यादव निवासी गांगेपुर गांधी नगर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।पुलिस के मुताबिक, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, अनुराग कुमार पाण्डेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *