

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव में प्रेमिका से मिलने आए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह युवती के घर से युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में युवती तनु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।मिली जानकारी के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी दीपक (26) का मेहनगर थाना क्षेत्र के सिधारी गांव निवासी युवती तनु से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली। प्रारंभिक जानकारी में युवक के जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।सूचना मिलते ही मेहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। युवती तनु को हिरासत में लेकर युवक की मौत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जइस मामले में सीओ लालगंज आस्था जायसवाल ने बताया कि थाना मेहनगर क्षेत्र के सिधारी गांव में युवती के घर से जहानागंज क्षेत्र निवासी एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
