

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद के थाना कप्तानगंज पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण के क्रम में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य का साउंड सिस्टम व अन्य सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरुद्ध मु0अ0सं0 410/2025 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जा रही है। पीड़ित प्रिन्स वर्मा पुत्र ऋषिकेश वर्मा, निवासी ग्राम गगौउर, थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ (जो विवाह आयोजनों में डीजे/साउंड सिस्टम लगाने का कार्य करते हैं) द्वारा थाना कप्तानगंज पर प्रार्थना पत्र दिया गया कि दिनांक 30.11.2025 को ग्राम छेड़ी ब्राह्मण, थाना कप्तानगंज में आयोजित एक विवाह समारोह में उन्होंने दो साउंड बॉक्स एवं एक मशीन लगाई थी। शादी के अगले दिन दिनांक 01.12.2025 को समय लगभग 11.30 बजे जब वह अपना सामान लेने पहुंचे, तो एम्प्लीफायर, साउंड बॉक्स व मशीन मौके से गायब मिले, जिन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना कप्तानगंज पर मु0अ0सं0 410/2025 धारा 303(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार (IPS) द्वारा अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर के निर्देशन में तथा थानाध्यक्ष कप्तानगंज जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी के अभियुक्तों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी किया गया साउंड सिस्टम ग्राम जफरामऊ बाग के पास बेचने की फिराक में कुछ लोग इकट्ठा कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल उ0नि0 राम निहाल वर्मा मय द्वितीय मोबाइल टीम को अवगत कराया गया। दोनों टीमों द्वारा संयुक्त रूप से घेराबंदी कर दोनों अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
