

मंदिर के विकास के लिए 1.50 करोड़ रुपये का प्रस्तावित बजट, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के प्रयासों की अतिथियों ने की सराहना
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पावन पूजनोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित इस आयोजन में प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश समन्वयक संकुल प्रकोष्ठ ओमप्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय एवं विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप प्रदान करने में भाजपा प्रदेश संयोजक खेल-कूद प्रकोष्ठ एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज आजमगढ़ सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पूजनोत्सव के दौरान भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले तथा न्याय एवं धर्म के अधिष्ठाता देवता हैं। उनकी आराधना मनुष्य को सत्य, न्याय, सद्कर्म एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया। आयोजकों ने सर्वसमाज की सहभागिता के माध्यम से सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया।इस अवसर पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनके प्रयासों से भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के मंदिर के विकास कार्यों के लिए धर्मार्थ कार्य विभाग से 1 करोड़ 50 लाख रुपये का प्रस्ताव किया गया है। इस धनराशि से मंदिर परिसर के विकास, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं तथा धार्मिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने की योजना है।उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसी भावना के अनुरूप पूजनोत्सव को सर्वसमाज के लिए खुला रखा गया। मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का केंद्र है। मंदिर का विकास होने से आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहेंगी।मुख्य अतिथि कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कार, सामाजिक एकता और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज सत्य, न्याय, विवेक और कर्म की पवित्रता का संदेश देते हैं, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।अति विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश समन्वयक प्रकोष्ठ एवं विभाग ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने तथा नई पीढ़ी को अपने संस्कारों एवं परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने मंदिर विकास के लिए सूरज प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए प्रस्तावित बजट को महत्वपूर्ण पहल बताया।भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के मंच से सभी लोगों से आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के सर्वांगीण उत्थान एवं कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की गई।इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त वंशीय जनपद सभा के संरक्षक अशोक अस्थाना, अध्यक्ष अरुण प्रकाश श्रीवास्तव, मंत्री विवेक श्रीवास्तव, पूजन समिति अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव, राजनारायण लाल, संतोष श्रीवास्तव, मनोज अस्थाना, प्रहलाद श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव सभासद, विशाल श्रीवास्तव, जिला मंत्री भाजयुमो अमन श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट रजनीश श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, अमन वर्मा, आकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
