

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए आज 17 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न बूथों पर सुबह 10 बजे से बीएलओ मौजूद हैं, जहां नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नामों में संशोधन करने और मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।इस दौरान जागरूक मतदाता भी अपने परिवार के सदस्यों के नामों का सत्यापन करने बूथों पर पहुंच रहे हैं। सिविल लाइन निवासी मृगांक शेखर सिन्हा भी बूथ संख्या 203 पर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में कुल सात मतदाता हैं और वे यह सुनिश्चित करने आए हैं कि सभी के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं।एक जागरूक मतदाता होने के नाते हम अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में देखने आए थे। SIR के बाद पहली बार इस तरह बूथ पर आकर भौतिक रूप से सत्यापन करने का मौका मिला है। हमारे परिवार के सभी सात वोट हैं। लोगों को भी जागरूक होना चाहिए और अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन करना चाहिए कि उनके परिवार के सदस्यों के नाम हैं या नहीं। जिनका नाम नहीं है, वे फॉर्म-6 भर सकते हैं और जिनका नाम कहीं और है, वे फॉर्म-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं।मृगांक शेखर सिन्हा ने निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि जिन लोगों के नाम दस्तावेजों की कमी के कारण मतदाता सूची से हट गए हैं, उन्हें संबंधित बूथ पर पहुंचकर जानकारी लेनी चाहिए और जरूरी दस्तावेज जमा करने चाहिए।उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि चुनाव के समय किसी परेशानी से बचने के लिए अभी से अपने नाम और परिवार के अन्य सदस्यों के नामों की जांच कर लें। मतदाता वहीं, बीएलओ सुनीता मौर्य ने बताया कि विशेष अभियान के तहत फॉर्म-6 से नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं, फॉर्म-7 के माध्यम से मृतक या स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया की जा रही है और फॉर्म-8 के जरिए मतदाता सूची में संशोधन किया जा रहा है।
