

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो स्थित महाजन का बाग में शुक्रवार सुबह खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रविकांत उर्फ हीरा के रूप में हुई है। वह पान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ लोग शौच के लिए खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई।घटनास्थल पर सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस भेज दिया है।इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रविकांत चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका एक भाई खाड़ी देश में नौकरी करता है। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी खुशबू से हुई थी। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं दिखाई दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
