


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सत्ता के संरक्षण में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एक बुजुर्ग के घर पर दर्जनों लोगों ने धावा बोलकर जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग की। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय पुलिस भाजपा के नेताओं के दबाव में हाथ पर हाथ धरे बैठी है।अतरौलिया थाना अंतर्गत पहिया बुजुर्ग निवासी 75 वर्षीय राजबहादुर यादव ने सोमवार को एसपी ग्रामीण को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 मार्च 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे गांव के ही दबंगों ने करीब 100 लोगों के साथ एक हिस्ट्रीशीटर के उकसावे पर उनके घर पर हमला कर दिया।दबंग जबरन पीड़ित की जमीन पर दीवार बनाकर कब्जा करना चाहते थे। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी, डंडों और अवैध असलहों से लैस होकर ईंट-पत्थर चलाए और हवाई फायरिंग की। जिससेदहशत का माहौल बन गया जान बचाने के लिए पीड़ित और उनकी बहुओं ने खुद को घर के अंदर कैद कर लिया, जबकि बाहर हमलावर उनके पशुओं को पीटते रहे और घर की सीमेंट की करकट तोड़ दी। पीड़ित परिवार का स्पष्ट आरोप है कि भाजपा नेताओं के भारी दबाव के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोप है कि ये नेता खुलेआम दबंगों और हिस्ट्रीशीटरों का साथ दे रहे हैं, जिसके चलते अतरौलिया पुलिस ने सारे साक्ष्य और घटना के वीडियो मिलने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।राजबहादुर यादव का कहना है कि घटना के समय 112 नंबर पर सूचना देने के बाद जब पुलिस पहुंची, तब उनकी जान बच सकी। लेकिन पुलिस जाते ही आरोपी पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने अब एस पी ग्रामीण से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सत्ताधारी नेताओं के दबाव से मुक्त होकर पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करे। वहीं इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सीओ बुढ़नपुर को मामले की जांच सौंपी है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उस आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
