

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। जगह-जगह राखियों की दुकानें सज गई हैं। बहनें अपने भाइयों के लिए सुंदर और आकर्षक राखियां खरीदने में जुटी हुई हैं। बाजार में रंग-बिरंगी और विभिन्न डिजाइनों की राखियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।राखी दुकानदारों ने कहा की इस बार बाजार में पांच रुपये से लेकर साढ़े सात सौ रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। सामान्य राखियों के साथ ही डिजाइनर और आकर्षक राखियों की भी मांग है। खास बात यह है कि कुछ दुकानदारों के पास हाथ से तैयार की गई। हैंडमेड राखियां भी उपलब्ध हैं, जिन्हें बहनें काफी पसंद कर रही हैं। राखी की खरीदारी करने पहुंची बहनों का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार, स्नेह और विश्वास का त्योहार है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। बहनों ने कहा कि उनकी यही कामना है कि सभी भाई अपनी बहनों की हमेशा रक्षा करें और भाई-बहन के बीच प्रेम व स्नेह का रिश्ता हमेशा कायम रहे। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।
