आजमगढ़ ढाई महीने की इंस्टाग्राम दोस्ती थाने पहुंची, पंचायत के बाद मंदिर में हुई शादी, चर्चा का बना विषय

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर शुरू हुई करीब ढाई महीने पुरानी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई और मामला आखिरकार अहरौला थाने तक पहुंच गया। थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद समझौता हुआ, जिसके बाद दोनों की शादी अहरौला ब्लॉक के पास स्थित बाबा पालदास मंदिर में करा दी गई। बता दे की अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर गांव निवासी गरिमा पुत्री हरिकेश की करीब ढाई महीने पहले अरूषा गांव निवासी सूरज पुत्र त्रिवेणी से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी और इसी दौरान दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। जब इसकी जानकारी गरिमा के परिजनों को हुई तो उन्होंने अहरौला थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। मामला थाने पहुंचने के बाद थाना अध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बुलाया और उनके बीच बातचीत तथा पंचायत कराई। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया। गरिमा और उसके पिता के अनुसार, थाने में हुए समझौते में यह तय हुआ कि शादी के बाद गरिमा अपने पति के साथ तब तक रहेगी, जब तक दोनों की कोर्ट मैरिज नहीं हो जाती। कोर्ट मैरिज होने के बाद वह अपने मायके लौट आएगी। समझौते के तहत लड़के पक्ष ने यह भी सहमति दी कि तीन वर्ष के भीतर बारात लेकर सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत विवाह कराया जाएगा। लड़के के पिता त्रिवेणी ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट मैरिज के बाद तीन वर्ष के भीतर सामाजिक स्तर पर विवाह कराने पर सहमति बनी है। फिलहाल मंदिर में विवाह होने के बाद गरिमा अपने पति सूरज के साथ अरूषा स्थित ससुराल चली गई है। मामला सोशल मीडिया से शुरू होकर थाने की पंचायत और फिर मंदिर में विवाह तक पहुंचने के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *