


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कप्तानगंज थाना पुलिस ने फर्जी व्यक्ति खड़ा कर जमीन का फर्जी बैनामा कराने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 3.50 लाख रुपये लेकर वास्तविक गोविंद पुत्र झूरी की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर जमीन का बैनामा करा दिया था।मामला ग्राम मादेपुर से जुड़ा है। आरोप है कि गोविंद पुत्र झूरी की पत्नी और प्रेमा पत्नी रोहित ने अपनी भूमि गाटा संख्या 746, रकबा 0.417 हेक्टेयर को बच्चे के इलाज और अन्य जरूरतों के लिए बेचने की बात कही थी। सौदा 3.50 लाख रुपये में तय हुआ और रकम गोविंद के खाते में जमा कराने के साथ कुछ धनराशि नकद भी दी गई।बैनामा कराने की बारी आई तो आरोपियों ने कथित तौर पर वास्तविक गोविंद की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर दिया। आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी समेत आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराकर जमीन का बैनामा करा दिया गया।बाद में मामले की जानकारी होने पर वादिनी की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में मु0अ0सं0 248/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सत्यम विश्वकर्मा का नाम भी सामने आया।पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए प्रेमा पत्नी रोहित निवासी मादेपुर और सत्यम विश्वकर्मा निवासी खोजापुर, थाना सिधारी को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल बबीता पासवान और कांस्टेबल बृजेश गौड़ शामिल रहे।
